चन्दौली ब्यूरो। शहाबगंज थाना क्षेत्र बिहार ले जाए जा रहे थे तीन गोवंशीय बछड़े, घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा; गिरफ्तार आरोपी पर पहले से तीन मुकदमे दर्ज शहाबगंज थाना क्षेत्र में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन गोवंशीय बछड़ों को बरामद कर एक कथित पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इन पशुओं को पैदल बिहार ले जाने की तैयारी में था। कार्रवाई थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के मुताबिक 20 सितंबर 2026 को बड़गांव आज ईंट भट्ठे के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति तीन गोवंशीय बछड़ों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए पैदल वध के लिए बिहार की ओर ले जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की और मौके से आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से तीन बछड़ों को सकुशल बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजमल अंसारी पुत्र स्वर्गीय खलील, निवासी ग्राम चन्दा, थाना चांद, जिला कैमूर-भभुआ, बिहार, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है।
पूछताछ में रास्ते का बताया पूरा तरीका
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रात के समय सुनसान रास्तों से छुट्टा गोवंशीय पशुओं को इकट्ठा करता था। इसके बाद अता यस्तगंज और बड़गांव होते हुए गांवों एवं खेतों के रास्ते पशुओं को बिहार ले जाकर बेचने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पशुओं की बिक्री से प्राप्त रकम से आरोपी अपना खर्च चलाता था।
पहले से दर्ज हैं तीन मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ शहाबगंज और इलिया थानों में पहले से गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई के संबंध में थाना शहाबगंज में मुकदमा संख्या 115/2026, धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शिवपूजन सिंह तथा हेड कांस्टेबल इरशाद अंसारी शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में पशु तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर कार्रवाई का संदेश गया है।
