देवरिया। पंजीकृत एवं पात्र श्रमिकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिलाने के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाई जाएगी। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यकक्ष में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बैठक कर आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी पात्र श्रमिक या उसका परिवार आयुष्मान कार्ड की सुविधा से वंचित न रहे। श्रम विभाग और आयुष्मान टीम आपसी समन्वय से पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार कर अभियान चलाने और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने श्रमिकों को आयुष्मान कार्ड से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। श्रम विभाग में उपलब्ध पंजीकृत श्रमिकों के विवरण का आयुष्मान टीम से समन्वय कर पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने को प्राथमिकता देने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, सहायक श्रम आयुक्त सहित आयुष्मान भारत योजना से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
