बैतालपुर(देवरिया)। त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कृषक प्रशिक्षण केंद्र बैतालपुर में जनपद स्तरीय कृषि गोष्ठी एवं किसान मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार ने किसानों को मक्का की खेती के प्रति जागरूक करते हुए उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया।
कृषि विज्ञान केंद्र मल्हना, भाटपाररानी के प्रभारी डॉ. मान्धाता सिंह व डॉ. अंकुर ने किसानों को मक्का की उन्नत खेती और प्राकृतिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी। उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए प्राकृतिक खेती के साथ श्रीअन्न, दलहन, तिलहन और मक्का की खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
मेले में विभिन्न विभागों की ओर से किसानों को योजनाओं और कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। जनपद के सभी विकासखंडों से बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी उदयशंकर सिंह, विधायक प्रतिनिधि नवीन सिंह, जीतन यादव, धीरेन्द्र प्रताप सिंह, दिग्विजय नाथ सिंह समेत अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
