राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के अंतर्गत आंतरिक हैकाथॉन का भव्य आयोजन

0Shares

लालगंज (आजमगढ़)। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज नाऊपुर देवगांव आजमगढ़ में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के अंतर्गत आंतरिक हैकाथॉन का आयोजन बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में नवाचार, तकनीकी कौशल और समस्या समाधान की भावना को बढ़ावा देना था। उक्त आयोजन में संस्थान के विभिन्न विभागों के कुल 26 टीमों ने बड़े उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रतिभागी टीमों का मूल्यांकन संस्थान स्तर पर गठित 6 सदस्यीय जूरी के द्वारा किया गया, जिसमें संस्थान के अनुभवी शिक्षक एवं तकनीकी विशेषज्ञ शामिल थे।उक्त हैकाथॉन का आयोजन दिनांक 18 सितंबर से 22 सितंबर के बीच किया गया। इस हैकाथॉन में संस्थान के विभिन्न छात्रों की टीमों के द्वारा कई तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए अपनी प्रस्तुति दी गई। इनमें प्रमुख रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने जैसी आपदा की समस्या तथा सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों को रोकने जैसी सुरक्षा समस्या के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया। छात्रों ने इन समस्याओं के लिए नवीन तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए, जिनकी जूरी सदस्यों द्वारा विस्तृत समीक्षा की गई।
कार्यक्रम के अंतिम दिन 6 श्रेष्ठ टीमों को संस्थान के निदेशक प्रो. बी. के. त्रिपाठी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने भाषण में संस्थान के समस्त छात्रों द्वारा इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान के समस्त छात्रों को ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए, क्योंकि इससे उनमें नवाचार और तकनीकी दक्षता का विकास होता है। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से ही नई पीढ़ी के छात्र उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जॉब देने वाले बनेंगे, न कि जॉब करने वाले। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने तकनीकी ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्र की समस्याओं के समाधान के लिए करें।इस अवसर पर संस्थान के आई.आई.सी. (इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल) सेल के अध्यक्ष श्री अमित कुमार ने उक्त कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए संस्थान के समस्त छात्रों एवं कार्यक्रम के छात्र समन्वयक को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने समस्त जूरी सदस्यों को भी उनके बहुमूल्य समय और मूल्यांकन के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन संस्थान के छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आई.आई.सी. सेल के कन्वेनर डॉ. पी. के. श्रीवास्तव ने निदेशक को हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि निदेशक महोदय के कुशल मार्गदर्शन एवं सहयोग के बिना इस कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन संभव नहीं था। इसके साथ ही उन्होंने उक्त कार्यक्रम में संस्थान के नवप्रवेशित छात्रों द्वारा बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *