
कुड़ही ढाला पर प्रयास सामाजिक संगठन का निःशुल्क चिकित्सा शिविर, करीब 500 मरीजों का हुआ उपचार।
आजमगढ़। महाराजगंज ब्लॉक क्षेत्र के कुड़ही ढाला पर प्रयास सामाजिक संगठन की ओर से निःशुल्क चिकित्सा सेवा शिविर का आयोजन किया गया। देवारा क्षेत्र में प्रतिवर्ष बाढ़ के बाद उत्पन्न होने वाली विभिन्न बीमारियों को देखते हुए आयोजित शिविर में करीब 500 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर में अधिकांश मरीज चर्म रोग से पीड़ित पाए गए।
शिविर में डॉ. कामरान फैजी, डॉ. मोइन खान, डॉ. अमर यादव, डॉ. फैजान खान, डॉ. मनोज यादव, डॉ. बृजराज प्रजापति, डॉ. रमेश वैद्य, डॉ. संदीप गुप्ता एवं डॉ. रामकेश राजभर सहित चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार किया।
प्रयास के केंद्रीय अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि ‘सेवा परमो धर्म:’ को मूल मंत्र मानकर संगठन के साथी प्रभु की प्रेरणा और समाज के सहयोग से लगातार सेवा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवारा में बाढ़ के बाद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रयास की ओर से जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सेवा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सारी व्यवस्था केवल सरकार के भरोसे छोड़ने के बजाय समाज के प्रत्येक व्यक्ति और संगठन को अपने हिस्से का कार्य ईमानदारी से करने का प्रयास करना चाहिए। भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रहेंगे।
शिविर में बाढ़ पीड़ितों की ओर से राजीव मिश्रा, देवरांचल उत्थान से हरकेश यादव, देवारा विकास सेवा समिति के प्रतिनिधि, प्रयास देवारा इकाई से अरविंद कुमार, हरेंद्र यादव सहित प्रयास देवारा इकाई के कार्यकर्ता एवं केंद्रीय इकाई के पदाधिकारी मौजूद रहे।
शिविर के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों को उनके घर के आसपास ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से लोगों ने राहत महसूस की। संगठन की इस पहल को ग्रामीणों ने जनहित में उपयोगी बताते हुए सेवा कार्यों की सराहना की।
