चावल में मिले कीड़े, एमडीएम के जांच में खराब मिला राशन

0Shares

सलेमपुर (देवरिया)। विकासखंड सलेमपुर के प्राथमिक विद्यालय बिंदवलिया में मंगलवार को मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) के लिए रखे चावल में कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। शिकायत पर पहुंची जांच टीम ने चावल की जांच की तो उसमें कीड़े पाए गए। टीम के निर्देश पर खराब चावल तत्काल हटवाकर दूसरा चावल मंगाया गया और बच्चों के लिए नया भोजन तैयार कराया गया।
गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमोद साहनी ने विद्यालय में बच्चों के भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की थी। उन्होंने इसकी सूचना बीएसए देवरिया को दी। बीएसए के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी पंकज सिंह ने एआरपी अखिलेश गुप्ता के नेतृत्व में जांच टीम मौके पर भेजी।
जांच के दौरान विद्यालय में 72 बच्चों के लिए एमडीएम तैयार किया जा रहा था। मौके पर लौकी, प्याज व अन्य सब्जियों के साथ दाल भी पक रही थी। विद्यालय में रखे चावल की जांच करने पर उसमें कीड़े पाए गए। पुष्टि होने के बाद टीम ने तत्काल खराब चावल हटवाया और नया चावल मंगाकर बच्चों के लिए भोजन तैयार कराया।
खंड शिक्षा अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि वह हाईकोर्ट, प्रयागराज से संबंधित कार्य से बाहर हैं और लौटने के बाद मामले में संबंधित लोगों से जानकारी ली जाएगी। प्रधानाध्यापक राजेश्वर सिंह से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।
जांच टीम में एआरपी अखिलेश गुप्ता, प्रधानाध्यापक राजेश्वर सिंह, सहायक अध्यापक प्रमिला देवी, शिक्षा मित्र जगमोहन गुप्ता, नीरज यादव, मनीषा मौर्या और शिला दुबे मौजूद रहीं। टीम ने कोटेदार को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि विद्यालय को खराब या घटिया राशन की आपूर्ति मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *