छुट्टा पशुओं से राहगीर परेशान, व्यापार मंडल ने सौंपा ज्ञापन

0Shares

बिलरियागंज (आजमगढ़)। नगर पालिका क्षेत्र में पुराने चौक से नई चौक तक मुख्य मार्ग पर छुट्टा पशुओं, बंदरों और आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या से राहगीरों और व्यापारियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। सड़क और चौराहों पर पशुओं के जमावड़े से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। अचानक पशुओं के सड़क पर आ जाने से दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों तथा राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री अम्बिका प्रजापति ने नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा और अधिशासी अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। व्यापार मंडल ने पुराने चौक से नई चौक तक विशेष अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं, बंदरों और आवारा कुत्तों को पकड़कर गौशाला या सुरक्षित स्थानों पर भेजने की मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने, खुले में पशु छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा जाम और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए तत्काल यातायात व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की गई। साथ ही समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका स्तर पर नियमित कार्ययोजना बनाने का अनुरोध किया गया।
ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन, जिलाधिकारी आजमगढ़ और उप-जिलाधिकारी सगड़ी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। इस मौके पर विनय मद्धेशिया, वीरेंद्र वर्मा, पूर्व अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता, विनय मोदनवाल, बजरंग गुप्ता, मनोज प्रजापति, अभी प्रजापति और डॉ. अजय सरोज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *