आजमगढ़। जिले के खेल जगत के लिए गौरव की बात है कि आजमगढ़ के अजेंद्र राय को बरेली में 23 से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली प्रदेशीय विद्यालयी बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए फील्ड ऑफिसर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतियोगिता में 14, 17 एवं 19 वर्षीय आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे।
श्री राय को प्रतियोगिता प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व आयोजन स्थल पर पहुंचकर प्रतियोगिता के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसमें आयोजन स्थल एवं खेल उपकरणों की उपलब्धता, निर्णायकों की स्थिति, खिलाड़ियों के पात्रता परीक्षण, आधार अपडेटेशन एवं अभिलेखीकरण सहित अन्य व्यवस्थाओं का सत्यापन शामिल है।
इसके साथ ही उन्हें संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं मंडलीय क्रीड़ा सचिव के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने तथा उत्कृष्ट एवं निष्पक्ष टीम के चयन में सहयोग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी दी गई है।
इसी क्रम में बेसिक शिक्षा परिषद आजमगढ़ के सत्येंद्र उपाध्याय को 14, 17 एवं 19 वर्षीय बालिका वर्ग की टीम के चयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों अधिकारियों के मनोनयन से आजमगढ़ के शिक्षा एवं खेल जगत में हर्ष का माहौल है।
यह आजमगढ़ के लिए विशेष गौरव का विषय है कि जिले के खेल विशेषज्ञों को प्रदेश स्तर की विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिल रही हैं। आगामी दिसंबर माह में बरेली में ही 17 वर्षीय आयु वर्ग की राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता भी प्रस्तावित है। ऐसे में अजेंद्र राय एवं सत्येंद्र उपाध्याय की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
दोनों के अनुभव एवं जिम्मेदारियों से विद्यालयी खेलों के आयोजन, खिलाड़ियों के चयन तथा प्रतियोगिताओं की निष्पक्षता एवं गुणवत्ता को मजबूती मिलने की उम्मीद है। उनके मनोनयन पर एडी बेसिक मनोज कुमार मिश्रा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक मंडली कीड़ा सचिव दिनेश सिंह जिला खेल प्रभारीविनोद कुमार सिंह जिला ओलंपिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एसके सत्यन राजेंद्र प्रसाद यादव प्रवीण सिंह पुनीत राय जिला, प्रवीण सिंह मनीष अग्रवाल बैडमिंटन संघ आजमगढ़ के अध्यक्ष डॉक्टर डीपी राय सचिव डॉक्टर पीयूष कुमार सिंह खंड शिक्षा अधिकारी नगर अश्वनी सिंह, तहबरपुर व्यास देव रामाशीष राय अनंत राय प्रदीप सिंह नीरज सिंह रजनीश राय दुर्गा शंकर सिंह अनूप राय क्रांति राय एवं शिक्षा तथा खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
