देवरिया। अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन के प्रेक्षागृह में पुलिसकर्मियों के लिए भारतीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। देवरिया एसोसिएशन वेलफेयर ऑफ द डेफ के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में पुलिसकर्मियों को श्रवण बाधित और मूक-बधिर लोगों से संवाद करने के तरीके बताए गए।
कार्यशाला में संस्था के अध्यक्ष जमील अहमद और सहयोगियों ने पुलिसकर्मियों को भारतीय सांकेतिक भाषा के माध्यम से सामान्य बातचीत, शिकायत सुनने और जरूरतमंद की समस्या समझने का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान संवेदनशीलता, धैर्य और सम्मान के साथ व्यवहार करने पर जोर दिया गया।
प्रत्येक थाने से एक उपनिरीक्षक, एक मुख्य आरक्षी या आरक्षी तथा एक महिला आरक्षी को प्रशिक्षण में शामिल किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सांकेतिक भाषा की जानकारी से श्रवण बाधित लोगों की शिकायतों को समझने और उन्हें आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यशाला में क्षेत्राधिकारी लाइंस गौरव कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी और क्षेत्राधिकारी कार्यालय सत्येंद्र कुमार राय समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में आयोजित इस पहल को संवेदनशील और समावेशी पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
