बरियारपुर (देवरिया)। बरियारपुर थाना पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो बकरियां और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर बुधवार को महुआपाटन पुल के पास से अंकुर पासवान निवासी नंदा नगर, थाना एम्स, गोरखपुर और राम भवन निवासी देवकुआं, थाना गौरीबाजार को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से दो चोरी की बकरियां और कार संख्या यूपी 52 बीयू 5637 बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर की रात उन्होंने राउतपार से बकरियां चोरी की थीं। चोरी की गई बकरियों में से पांच बकरे और एक बकरी राहगीरों को बेच दी थी। बिक्री से मिले रुपये शराब पीने और वाहन में पेट्रोल भराने में खर्च कर दिए। शेष दो बकरियों को लेकर वे रिश्तेदारी में जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ बरियारपुर थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 182/2026 में धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दुर्गेश कुमार शुक्ल, हेड कांस्टेबल ज्ञान प्रकाश और हेड कांस्टेबल मनोज उपाध्याय शामिल रहे।
