किसानों को छह लाख तक का कृषि ऋण, समय पर किस्त चुकाने पर मिलेगा ब्याज अनुदान

0Shares

बैतालपुर (देवरिया)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण विकासखंड बैतालपुर सभागार में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ किसान और सहकारिता विभाग से जुड़े अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन कृषि ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से किस्तों का भुगतान करने वाले पात्र किसानों को प्रदेश सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। योजना के लिए सरकार ने 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं और अगले पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया रहे। अध्यक्षता देवरिया-कसया जिला सहकारी बैंक के सभापति राघवेंद्र प्रताप सिंह ने की। योजना के तहत ऋण पाने वाले रुद्रपुर, सलेमपुर और सदर शाखा के पांच लाभार्थियों लोरिक, दीनानाथ, जितेंद्र, मुद्रिका और दयाशंकर को ऋण प्रमाण पत्र व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत कृषि के अलावा कृषि आधारित गतिविधियों और आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर जोर दिया गया है।
भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित यह डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से चालकों को सदस्य और हितधारक के रूप में जोड़कर उनके आर्थिक सशक्तीकरण, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने का भी लक्ष्य है।
कार्यक्रम का संचालन सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रणविजय सिंह ने किया। इस दौरान अपर जिला सहकारी अधिकारी बिजेंद्र कुमार, बृजेश कुमार राय, वरुणेंद्र प्रताप शाही, अभिषेक सिंह व अरुण कुमार सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, पैक्स सचिव, संचालक, इफको प्रतिनिधि और किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *