देवरिया। 11वें आयुर्वेद दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर और भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
आयुर्वेद के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जनजागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य विकास अधिकारी, कॉलेज के प्रधानाचार्य और क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज के छात्रों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर आयुर्वेद, होम्योपैथी और एलोपैथी विभाग की ओर से चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें करीब एक हजार लोगों की ब्लड प्रेशर, शुगर समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
इस दौरान आमलकी, अनार, अमरूद, नींबू, तुलसी और घृतकुमारी सहित औषधीय एवं उपयोगी पौधों का वितरण किया गया। अधिकारियों ने लोगों को पौधों की देखभाल और संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में आयुर्वेद, होम्योपैथी और एलोपैथी विभाग के चिकित्सक, अधिकारी-कर्मचारी, योग प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षिकाएं और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
