रुद्रपुर (देवरिया)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को रुद्रपुर स्थित श्री हरि लॉन में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 68 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 62 हिंदू जोड़ों का विवाह और छह मुस्लिम जोड़ों का निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कराया गया।
समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, ब्लॉक प्रमुख उषा पासवान, नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा निगम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिल कुमार, उपायुक्त मनरेगा आलोक पांडेय, उपजिलाधिकारी रुद्रपुर और खंड विकास अधिकारी गौरी बाजार समेत अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये विवाहिता के बैंक खाते में भेजे जाते हैं, जबकि 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री और 15 हजार रुपये आयोजन संबंधी खर्च के लिए निर्धारित हैं।
