मिहींपुरवा/बहराइच। लगातार हो रही बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर से ग्राम पंचायत सुजौली के कई मजरे बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों का हाल-चाल लेने के लिए ग्राम प्रधान सुजौली राजेश गुप्ता ने सोमवार को बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। ग्राम प्रधान राजेश गुप्ता सबसे पहले खैरीपुरवा, टिलवा, श्रीरामपुरवा, सुखड़ीपुरवा, खरबूजहीया पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पारसपुरवा 53, मुजवा, पारसपुरवा और कन्हैया पुरवा सहित अन्य बाढ़ प्रभावित मजरों में जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की। प्रधान ने घर-घर जाकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।निरीक्षण के दौरान कई घरों में घुटने भर तक पानी भरा मिला। कई कच्चे मकान गिरने की कगार पर हैं। खेतों में लगी फसलें भी जलमग्न हो गई हैं। प्रधान ने ग्रामीणों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में ग्राम पंचायत उनके साथ है। ग्राम प्रधान राजेश गुप्ता ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को बाढ़ की पूरी रिपोर्ट भेज दी गई है। जल्द ही बाढ़ राहत सामग्री, दवाओं का छिड़काव और मेडिकल टीम की व्यवस्था कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि बाढ़ के पानी में बच्चों को न जाने दें और सतर्क रहें। प्रधान के इस दौरे से बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों में आशा जगी है। ग्रामीणों ने प्रधान से जल्द राहत कार्य शुरू कराने की मांग की है।
