निजामाबाद (आज़मगढ़)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला कौंसिल की एक दिवसीय बैठक मंगलवार को निजामाबाद तहसील स्थित पार्टी कैंप कार्यालय पर गंगादीन की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक के पर्यवेक्षक पूर्व विधायक इम्तेयाज अहमद और राज्य सचिव मंडल सदस्य हामिद अली थे।
पार्टी जिला सचिव जितेंद्र हरि पाण्डेय की रिपोर्ट पर 25 लोगों ने चर्चा में भाग लिया।रिपोर्ट से पहले इम्तेयाज अहमद ने योगी और मोदी सरकार पर उनकी जनविरोधी नीतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक, मजदूर, किसान और आमजन की स्थिति खस्ताहाल है।
इस सरकार में जाति, धर्म के एजेंडे को उभारकर लोगों को पहले आपस में बांटा गया।अब उनके लोकतांत्रिक वोट के अधिकार को एसआईआर के जरिए जिस तरह से छीना जा रहा है उसमें चुनाव आयोग बेनकाब हो चुका है।ये सब मोदी और शाह के इशारे पर चल रहा है।
राज्य सचिव मंडल सदस्य कॉमरेड हामिद अली ने बताया कि किसानों और मजदूरों के सवाल पर उप्र किसान सभा द्वारा 7 अक्टूबर को लखनऊ विधान सभा मार्च में आजमगढ़ से पार्टी के किसान मजदूर भाग लेंगे।हामिद अली ने कहा कि पार्टी को गतिशील बनाने के लिए 18 अक्टूबर को आजमगढ़ पार्टी जिला मंत्री परिषद और कार्यकारिणी की विशेष बैठक करके आगामी कार्यक्रमों को अमलीजामा पहनाया जाएगा।
भाकपा जिला सचिव जितेंद्र हरि पाण्डेय ने पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के लक्ष्य को पूरा करने पर बल दिया। जिसमें 7 नवंबर को अक्टूबर क्रांति दिवस पर आजमगढ़ रिक्शा स्टैंड पर एक विशाल सभा होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अभियान 1 से 3 दिसंबर तक जेल भरो अभियान में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता आजमगढ़ में गिरफ्तारी देंगे। बैठक में मौजूद उप्र किसान सभा प्रदेश अध्यक्ष इम्तेयाज बेग ने लखनऊ में किसानों के विधान सभा मार्च को सफल बनाने की अपील की।
इस बैठक को श्यामा शर्मा, हरिगेन राम, मंगलदेव यादव, हीरालालाल चौहान, रामाज्ञा यादव, मुजम्मिल जाहिद अली, चंद्रमोहन यादव, मखडू राजभर, केदार, अशोक कुमार यादव, अशोक राय, शाहनवाज, राम भुवाल आदि ने अपने विचार रखे।
