सचल प्रयोगशाला में 27 खाद्य पदार्थों की जांच, एक पेड़ा अधोमानक

0Shares

भाटपाररानी (देवरिया)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से बुधवार को भाटपाररानी तहसील क्षेत्र के टीकमपार चौराहा मेन चौक में खाद्य सचल प्रयोगशाला (एफएसडब्ल्यू) के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई। टीम ने खाद्य कारोबारियों और उपभोक्ताओं को मिलावट से बचाव के प्रति जागरूक भी किया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और लैब टेक्नीशियन की टीम ने कुल 27 खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच की। इनमें 26 नमूने मानक के अनुरूप मिले, जबकि एक पेड़ा मिठाई का नमूना अधोमानक पाया गया। संबंधित कारोबारी को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बाजार से खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतने और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव की जानकारी भी दी। टीम ने उपभोक्ताओं को मौके पर खाद्य पदार्थों में मिलावट की सामान्य जांच के बारे में भी बताया।
दो नमूने जांच के लिए लिए
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू पाल ने शिकायतों के निस्तारण के लिए लगड़ा चौराहा, महुआपाटन और सोनूघाट में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान समोसा और प्रयुक्त खाद्य तेल के दो नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *