लखनऊ से क्रिकेट खेलकर लौट रहे देवरिया के चार खिलाड़ियों की सड़क हादसे में मौत

0Shares

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुलतानपुर में ट्रक में घुसी कार, तीन की मौके पर और एक की इलाज के दौरान मौत।

देवरिया। लखनऊ से क्रिकेट खेलकर देवरिया लौट रहे खिलाड़ियों की कार बुधवार सुबह सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गई। करीब पांच बजे तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। हादसे में देवरिया के चार खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि दो खिलाड़ी घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कार का गेट तोड़कर घायलों व अन्य लोगों को बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन खिलाड़ियों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन खिलाड़ियों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान एक और खिलाड़ी की मौत हो गई।
खिलाड़ी पवन चौरसिया के अनुसार, देवरिया के अलग-अलग क्षेत्रों के 11 खिलाड़ी सोमवार रात टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्सा लेने लखनऊ गए थे। सभी देवरिया की टीम की ओर से प्रतियोगिता में खेलने पहुंचे थे। मैच समाप्त होने के बाद खिलाड़ी अलग-अलग वाहनों से घर लौट रहे थे। हादसे के समय पवन दूसरी कार से खिलाड़ियों के पीछे आ रहे थे।
पवन ने बताया कि जिस कार में हादसा हुआ, उसमें नित्य प्रजापति, आनंद यादव, अनिकेत सिंह और इरफान अंसारी समेत अन्य खिलाड़ी सवार थे। हादसे के समय सभी सो रहे थे। टक्कर की आवाज सुनकर नींद खुली तो कार ट्रक में घुसी मिली। उन्होंने बताया कि साथी खिलाड़ियों को राहगीरों की मदद से कार का गेट तोड़कर बाहर निकाला गया।
मृतकों की पहचान नित्य प्रजापति, इरफान अंसारी, आनंद यादव और अनिकेत सिंह के रूप में हुई है। घायलों में देवरिया के राजू तथा पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जयंत शर्मा शामिल हैं।
परिवारों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही खिलाड़ियों के घरों में कोहराम मच गया। नित्य प्रजापति के पिता मनोज प्रजापति कैटरिंग का काम करते हैं। इरफान अंसारी बलिया दक्षिण क्षेत्र के रहने वाले थे। अनिकेत सिंह देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव के निवासी थे। उनके पिता अमरजीत सिंह शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं। परिजनों के अनुसार चारों खिलाड़ी क्रिकेट खेलने के साथ प्रतियोगिताओं में नियमित रूप से हिस्सा लेते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *