शिक्षामित्र से शिक्षक बने कर्मियों ने मांगी पूर्व सेवा की वरिष्ठता

0Shares

बीएसए को सौंपा चार सूत्रीय मांगपत्र, चयन वेतनमान और पदोन्नति में लाभ देने की उठाई मांग।

अयोध्या। शिक्षामित्र से शिक्षक बने कर्मियों की पूर्व सेवा को जोड़कर वरिष्ठता निर्धारित करने, चयन वेतनमान का लाभ देने और पदोन्नति में पूर्व सेवा को शामिल करने की मांग को लेकर संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष कुलदीप कांत शुक्ल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए को चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। इससे पूर्व संगठन के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का स्वागत किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि शिक्षामित्र के रूप में की गई पूर्व सेवा को समायोजित शिक्षक के रूप में निर्धारित वरिष्ठता में जोड़ा जाए। इसके साथ ही चयन वेतनमान निर्धारित करने और पदोन्नति की वरिष्ठता सूची तैयार करते समय पूर्व सेवा का लाभ दिए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, जिले में विभिन्न शिक्षक भर्तियों के माध्यम से 400 से अधिक शिक्षामित्र शिक्षक बने हैं। समायोजन के दौरान इन शिक्षकों ने तीन से चार वर्ष तक सेवा दी थी और इस अवधि में उन्हें वेतन भी प्राप्त हुआ था। संगठन का कहना है कि समान पद पर पूर्व में की गई सेवा को वरिष्ठता और अन्य सेवा संबंधी लाभों के निर्धारण में शामिल किया जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों के समर्थन में उच्चतम न्यायालय तथा शासन के विभिन्न विभागों के आदेशों का हवाला दिया। पदाधिकारियों ने बीएसए से मांगों पर विचार कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदित्य तिवारी, महामंत्री परवेज अहमद, कोषाध्यक्ष रामजी वर्मा, जिला उपमंत्री शैलेंद्र निषाद, जिला संगठन मंत्री चंद्रशेखर सिंह, जगजीत पांडेय, सत्य प्रकाश मिश्रा, तिलकराम निषाद, शिवशंकर शुक्ल, बसंत वर्मा, सत्यदेव, राजीव तिवारी, सुभाष चंद्र चौहान और विजय कुमार पाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *