लालगंज (आजमगढ़)। लालगंज तहसील विद्युत उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। 400 केवीए गोला बाजार के जर्जर एबीसी केबल बदलने व मेंटेनेंस का कार्य पूर्ण रुप से न होने के कारण 11अक्टूबर 2026 को 7 घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक विद्युत रोस्टिंग की जाएगी। लालगंज तहसील विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता विजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि बाईपास फीडर के 400 केवीए ठाकुर द्वारा, 400 केवीए गोलाबाजार एवं 630 केवीए हनुमानगढ़ी का आवश्यक अनुरक्षण एवं मेंटेनेंस तथा जर्जर केबल को बदलवाने कार्य को पूरा कराने के लिए यह विद्युत कटौती की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस दौरान गोला बाजार ठाकुर द्वारा, हनुमानगढ़ी तथा सब्जी मंडी आदि मोहल्लों से जुड़े क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी। उन्होंने संबंधित उपभोक्ताओं से अपील की कि निर्धारित कटौती अवधि को ध्यान में रखते हुए पेयजल एवं घरेलू उपयोग के लिए आवश्यक पानी का पहले से भंडारण कर लें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित रहने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
