विसर्जन मार्गों पर नहीं होने पाएगा अवरोध, घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

0Shares

डीएम और एसपी ने नदावर घाट समेत विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण, जेसीबी, क्रेन, नाव और गोताखोरों की व्यवस्था रखने को कहा।

सलेमपुर (देवरिया)। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने शुक्रवार को तहसील सलेमपुर क्षेत्र के नदावर घाट समेत विभिन्न विसर्जन घाटों और मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विसर्जन मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं होना चाहिए। आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए मार्गों की पहले से जांच कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। घाटों पर रोशनी, पेयजल, बिजली, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विसर्जन के दौरान किसी तरह की कठिनाई आने पर तत्काल राहत के लिए जेसीबी और क्रेन की व्यवस्था रखने के साथ ही नाव और गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा पंडाल आयोजकों से अपील की कि पंडाल स्थापना, कार्यक्रम आयोजन और डीजे संचालन के लिए निर्धारित प्रारूप पर समय से अनुमति प्राप्त कर लें। अंतिम समय तक अनुमति के लिए इंतजार न करें। उन्होंने कहा कि आयोजकों के कार्यक्रमों और विसर्जन के समय की जानकारी मिलने से प्रशासन को आवश्यक व्यवस्थाएं करने में सहूलियत होगी। डीजे की ऊंचाई और ध्वनि स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए। उप जिलाधिकारी को आयोजकों को अनुमति का निर्धारित प्रारूप उपलब्ध कराने को कहा गया।
उन्होंने आयोजकों से धार्मिक भजन और पारंपरिक गीतों को प्राथमिकता देने तथा ऐसा कोई कृत्य नहीं करने की अपील की, जिससे किसी की धार्मिक आस्था आहत हो। साथ ही दुर्गा पंडालों में विद्युत सुरक्षा के सभी जरूरी उपाय अपनाने और बिजली से संबंधित कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार कराने के निर्देश दिए।
साफ-सफाई से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक की तैयारी
डीएम ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मूर्ति स्थापना स्थलों, झांकियों के मार्गों और विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराई जाए। स्वास्थ्य विभाग को जरूरत के अनुसार एंबुलेंस सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लेते रहें।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और विसर्जन घाटों सहित संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने पर जोर दिया, ताकि दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर, नगर निकाय अध्यक्ष, थानाध्यक्ष सलेमपुर, राजस्व कर्मी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *