राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर करेगी जांच, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर।
सलेमपुर (देवरिया)। थाना समाधान दिवस पर शनिवार को सलेमपुर कोतवाली में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के जिम्मेदारों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निष्पक्ष तरीके से निस्तारण किया जाए। शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी या शिथिलता मिलने पर इसे गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में संयुक्त जांच की आवश्यकता हो, उनमें संबंधित अधिकारियों की टीम गठित कर मौके पर भेजी जाए। टीम स्थलीय जांच कर निर्धारित समय के भीतर प्रकरण का निस्तारण सुनिश्चित करे।
डीएम ने कहा कि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिस स्तर पर शिकायत प्राप्त हो, उसी स्तर पर उसके समाधान का गंभीरता से प्रयास किया जाए। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि पीड़ितों को समय से न्याय मिले और शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनी रहे।
शिकायतों के निस्तारण में न बरतें लापरवाही
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाए। शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका उचित समाधान कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि फरियादियों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान न होना पड़े।
