देवरिया। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत रविवार को देवरिया जिले में बहू-बेटी अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने गांवों और कस्बों में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया। अभियान में परित्यक्ता, तलाकशुदा, निराश्रित और दहेज उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को विशेष रूप से जागरूक करने पर जोर दिया गया।
रामपुर कारखाना की मिशन शक्ति टीम ने रामपुर तिराहा, रुद्रपुर की टीम ने नाथबाबा मंदिर परिसर, मदनपुर की टीम ने महेन गांव, भाटपाररानी की टीम ने दुर्गा माता मंदिर परिसर, भटनी की टीम ने जलपा माता मंदिर परिसर तथा बरहज और भलुअनी की टीमों ने कस्बों में अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और समाज में व्याप्त कुरीतियों से बचाव के उपाय बताए। साथ ही महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
नए आपराधिक कानूनों की दी जानकारी
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया गया। पुलिसकर्मियों ने पीड़ित केंद्रित कानूनी व्यवस्था, निःशुल्क विधिक परामर्श और फैमिली काउंसलिंग की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी। जागरूकता के लिए पंपलेट वितरित किए गए।
हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया
मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं को आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल सहायता लेने की अपील की।
