बघौचघाट (देवरिया)। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बघौचघाट थाने की साइबर हेल्प डेस्क ने तीन पीड़ितों की 28,069 रुपये की धनराशि वापस कराई है। पुलिस ने 11 अक्टूबर को एमआरएम पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को राहत दिलाई।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और ठगी की धनराशि वापस कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बघौचघाट थाना क्षेत्र की संजू देवी को 10 हजार रुपये, सखनी गांव के अनिल राय को पांच हजार रुपये और कोइलसवा खुर्द गांव के लक्ष्मण प्रसाद को 2,969 रुपये वापस कराए गए।
इस कार्रवाई में साइबर हेल्प डेस्क की टीम ने शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की। टीम में थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक संकल्प सिंह राठौर और कांस्टेबल अवधेश कुमार पटेल शामिल रहे।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें फोन
देवरिया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें और www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय से शिकायत करने पर ठगी की धनराशि को रोकने और वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।
