रामपुर कारखाना (देवरिया)। पारिवारिक बंटवारे के विवाद में मारपीट के दौरान एक व्यक्ति की मौत के मामले में रामपुर कारखाना पुलिस ने आरोपित मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। दोनों को रविवार को नौतन हथियागढ़ पुल के पास से पकड़ा गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बरवामीर छापर गांव की एक महिला ने नौ अक्टूबर को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पारिवारिक बंटवारे को लेकर हुए विवाद में विपक्षियों ने उसके पति के साथ मारपीट की। इलाज के लिए ले जाते समय पति की मौत हो गई। तहरीर के आधार पर रामपुर कारखाना थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बरवामीर छापर निवासी रम्भा देवी (50) पत्नी जगदम्बा कुशवाहा और उसके पुत्र अमिताभ बच्चन (20) को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद कुमार, कांस्टेबल हरि प्रसाद यादव, राजन राजभर, अवनींद्र मिश्र और महिला कांस्टेबल वंदना गौतम शामिल रहीं।
