19 साल से अधूरी सड़क, ग्रामीणों ने बुलंद किया ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा

0Shares

2027 के विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को वोट नहीं देने का संकल्प, जनप्रतिनिधियों से कई बार लगा चुके हैं गुहार

लालगंज (आजमगढ़)। लालगंज विकास खंड के संभा उपेन्दा गांव में करीब 19 साल से अधूरी पड़ी सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध जताया और 2027 के विधानसभा चुनाव में ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ का नारा देते हुए किसी भी राजनीतिक दल को वोट नहीं देने का संकल्प लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अधिकारी और जनप्रतिनिधि उनकी समस्या की अनदेखी कर रहे हैं।

गांव के प्रधान पति रामवचन राम ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2005-06 में तत्कालीन राज्यसभा सांसद स्वर्गीय अमर सिंह की निधि से करीब तीन किलोमीटर सड़क स्वीकृत हुई थी। शुरुआत में पत्थर और रोड़ी डालकर काम कराया गया, लेकिन पेंटिंग नहीं होने से सड़क अधूरी रह गई। समय के साथ मार्ग जर्जर हो गया और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती गई।

रामवचन राम के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए विधायक को तीन बार, सांसद को दो बार और जिला पंचायत अध्यक्ष को एक बार पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सड़क से संबंधित जानकारी के लिए आरटीआई भी दाखिल की गई, लेकिन निर्माण कराने वाले विभाग को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।

ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय नेता विकास के वादे करते हैं, लेकिन गांव की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने चेतावनी दी कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो मतदान के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर करेंगे। प्रदर्शन में अमृत सिंह, चंद्रभूषण सिंह, कृष्णपाल सिंह, सिद्धार्थ, राजेंद्र बनवासी, रमाशंकर, नरेंद्र सिंह, ऋतिक त्रिपाठी, राजा शर्मा, रामवचन राम, धर्मेंद्र सिंह, अजय सिंह गब्बर, सुधांशु सिंह और हर्षवर्धन सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *