लालगंज (आजमगढ़)। लालगंज क्षेत्र में शारदीय नवरात्रि को लेकर उत्साह अपने चरम पर है। रविवार शाम अमिलिया गांव में नवयुवक मंगल दल द्वारा रमेश गुप्ता के आवास के सामने मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा की स्थापना अत्यंत धूमधाम और भक्तिमय माहौल में की गई। इस पावन आयोजन से पूरा क्षेत्र माता के जयकारों से गूंज उठा। रमेश गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी गीता गुप्ता ने आचार्य अंशुमान तिवारी के मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा- अर्चना कर प्रतिमा स्थापित की, जिसके बाद पट भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिए गए ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत क्षेत्र कैथी शंकरपुर से भावी महाप्रधान पद के प्रत्याशी अधिवक्ता एवं समाजसेवी सौरभ सिंह खनियरा रहे। नवयुवक मंगल दल के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ‘चिंटू’ व उपाध्यक्ष शिवम सिंह ने उनका माल्यार्पण कर व अंग वस्त्र देकर स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने फीता काटकर और माता की आरती उतारकर आशीर्वाद लिया ।आयोजक रमेश गुप्ता ने बताया कि आगामी नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह और शाम भव्य आरती का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र के सभी श्रद्धालु भाग लेंगे। इस अवसर पर पूर्व प्रधान दुर्गा प्रसाद सिंह, डाक्टर निकेत सिंह,हर्षवर्धन सिंह,प्रियंका गुप्ता,पूर्व प्रधान राजमणि सरोज, राहुल गुप्ता संयोजक, प्रशांत सिंह व्यवस्थापक, हर्ष सिंह कोषाध्यक्ष,हेमंत सिंह,निखिल सिंह, निशांत सिंह,फुनारे रावत,अनूप पांडेय, जनमेजय दुबे, पीयूष राय,सत्यप्रकाश मौर्य,मेराज अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में रमेश गुप्ता ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस आयोजन से पूरे लालगंज क्षेत्र में नवरात्रि का धार्मिक माहौल परवान चढ़ गया है।
