लालगंज (आजमगढ़)। विकास खंड लालगंज के देवगांव बाजार में श्रीराम लीला सेवा संघ देवगांव द्वारा वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भव्य श्रीराम लीला का आयोजन किया जा रहा है। दशहरा के पहले दिन रविवार को विधिवत श्री गणेश भगवान की आरती के साथ रामलीला का शुभारंभ किया गया।
प्रथम दिन की लीला में भगवान नारायण की लीला का मंचन किया गया। मंच पर मां सरस्वती की आरती करते हुए नारद जी की प्रवेश लीला दिखाई गई, जिसके बाद कैलाश पर्वत पर भगवान शिव जी के समक्ष माता पार्वती जी की प्रस्तुति हुई। इसके बाद नारद जी नारायण को खोजने के लिए आकाश मार्ग से जाते हुए ‘नारायण नारायण श्रीमन नारायण’ का जयघोष करते हुए दिखाए गए। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कलाकारों के उत्साहवर्धन के लिए श्रद्धालुओं ने जमकर जयकारे लगाए। इस पर संचालक ने कहा कि एक हाथ से जयकारा अर्पण होता है और दोनों हाथ से समर्पण। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से दोनों हाथ उठाकर जयकारा लगाने का आह्वान किया, जिस पर पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर श्रीराम लीला सेवा संघ देवगांव के संरक्षक मोहनलाल हलवाई, उप संरक्षक कपिलदेव चौरसिया, महामंत्री अरुण चौरसिया, अध्यक्ष गोरख साहू उर्फ धीरेन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवधेश सेठ, कोषाध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, अंकित गुप्ता सहित संगीत कला दर्शन टीम की देखरेख में प्रथम दिन का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
