सनातन की आकांक्षाओं को स्वतंत्र राजनीतिक आवाज़ मिलनी चाहिए।
लखनऊ। सर्वजन सनातन पार्टी का ऐलान: उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
सर्वजन सनातन पार्टी (SSP) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सीबीआई के पूर्व निदेशक श्री एम. नागेश्वर राव ने आज लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जनता को एक स्वतंत्र राजनीतिक विकल्प देगी।
श्री राव ने कहा कि हिंदुओं को बार-बार यह कहकर राजनीतिक विकल्प से वंचित किया जाता है कि भाजपा को वोट नहीं देंगे तो किसे देंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी राजनीतिक दल का हिंदू मतों पर एकाधिकार नहीं है और सनातन में आस्था का अर्थ किसी दल की राजनीतिक दासता स्वीकार करना नहीं है।
SSP का उद्देश्य केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि सनातन सभ्यतागत मूल्यों, संवैधानिक लोकतंत्र, सामाजिक समरसता और जवाबदेह शासन पर आधारित भारत का पुनर्निर्माण है।
पार्टी ने भाजपा पर छद्म हिंदुत्व और जातिगत विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारत को ऐसी राजनीति की आवश्यकता है जो सभ्यतागत पहचान को आधुनिक विकास, न्याय और जनकल्याण के साथ जोड़े।
