महुआडीह में दो नाबालिग छात्राओं से शिक्षक ने की बदसलूकी, पुलिस ने दबोचा

0Shares

महुआडीह (देवरिया)। जनपद के महुआडीह थाना क्षेत्र के एक स्कूल से गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक शिक्षक पर स्कूल परिसर के भीतर ही दो नाबालिग छात्राओं के साथ ‘बैड टच’ (अश्लील हरकत) करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित छात्राओं की माँ की तहरीर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महुआडीह थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला तब प्रकाश में आया जब पीड़ित छात्राओं ने घर पहुँचकर रोते हुए अपनी माँ को शिक्षक की इस करतूत की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना से आक्रोशित पीड़ित मां तत्काल महुआडीह थाने पहुँची और आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए बिना समय गँवाए पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
क्या बोले जिम्मेदार अधिकारी:
क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर/नगर राजेश चतुर्वेदी ने अपनी आधिकारिक बाइट में घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना महुआडीह क्षेत्र के अंतर्गत एक शिक्षक द्वारा स्कूल में दो नाबालिग छात्राओं के साथ अमर्यादित आचरण (बैड टच) किए जाने का मामला संज्ञान में आया था। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर तत्काल विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के साथ ही आगे की कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। स्कूल और बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस पूरी गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *