देवरिया। जनपद के युवाओं और कला प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर है। ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी को रूबरू कराने के उद्देश्य से आगामी 15 अक्टूबर 2026 को शाम 06 बजे से टाउन हॉल (इंदिरा गांधी बालिका इंटर कॉलेज, देवरिया) में एक भव्य नाट्य मंचन का आयोजन किया जा रहा है।
पर्यटन अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मार्गदर्शन में संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के अंतर्गत भारतेंदु नाट्य अकादमी (लखनऊ) द्वारा ‘राष्ट्रनायक नाट्य यात्रा’ चलाई जा रही है। इसके तहत प्रदेश के सभी 75 जनपदों में स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों के जीवन व उनके बलिदान पर आधारित प्रेरणादायी नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। देवरिया में यह कार्यक्रम भारतेंदु नाट्य अकादमी, संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में होगा। जिला प्रशासन ने जनपद के विद्यार्थियों, युवाओं, साहित्यकारों, रंगकर्मियों और आम नागरिकों से इस सांस्कृतिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है ताकि युवाओं में राष्ट्रीय चेतना जागृत हो सके।
