बिना पंजीकरण चल रहे अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, दो सील और तीन को नोटिस

0Shares

 

  
बिलरियागंज व बिंद्रा बाजार में स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, बिना पंजीकरण संचालित NICU मिलने पर मरीज को राजकीय अस्पताल में कराया गया शिफ्ट।


बिलरियागंज (आजमगढ़)। जनपद में बिना वैध पंजीकरण के संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. एन.आर. वर्मा के निर्देश पर नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल के नेतृत्व में टीम ने बिलरियागंज और बिंद्रा बाजार क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान दो अस्पतालों को सील किया गया, जबकि तीन अस्पतालों को नोटिस जारी कर पंजीकरण संबंधी अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान बिलरियागंज स्थित श्री साईंनाथ चाइल्ड केयर में बिना पंजीकरण के पांच बेड की एनआईसीयू (NICU) संचालित मिली। मौके पर एक मरीज भर्ती था। मरीज की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे राजकीय अस्पताल में शिफ्ट कराया गया, जिसके बाद संबंधित अस्पताल को सील कर दिया गया।


इसी क्रम में बिलरियागंज स्थित जनसेवा नर्सिंग होम की जांच में भी वैध पंजीकरण नहीं मिला। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।
वहीं, बिंद्रा बाजार स्थित मां मुखराजी चिकित्सालय और रमा हड्डी अस्पताल, जबकि बिलरियागंज स्थित सृष्टि चिकित्सालय में पंजीकरण से संबंधित अनियमितताएं पाई गईं। सृष्टि चिकित्सालय में निरीक्षण के समय न तो कोई मरीज मिला और न ही संचालक मौजूद था। वहां चार से पांच बेड लगे हुए थे। स्वास्थ्य विभाग ने तीनों अस्पतालों को नोटिस जारी कर आवश्यक अभिलेख तलब किए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पंजीकरण के अस्पतालों का संचालन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनपद में ऐसे अस्पतालों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *