फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार करने का दिया निर्देश
देवरिया। पुलिस कार्यालय परिसर में आने वाले फरियादियों और आगंतुकों की सुविधा के लिए नवनिर्मित आगंतुक कक्ष का बुधवार को पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस कक्ष के बन जाने से अपनी शिकायत लेकर पुलिस कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को बैठने और अपनी बारी की प्रतीक्षा करने के लिए सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा।
उद्घाटन के बाद एसपी ने आगंतुक कक्ष का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि पुलिस कार्यालय आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शालीनता और सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाए तथा संबंधित अधिकारी या शाखा तक पहुंचने में सहयोग किया जाए।
एसपी ने कहा कि जनशिकायतों की निष्पक्ष सुनवाई करते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। फरियादियों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। जनसुनवाई के दौरान संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए शिकायतों पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को अपनी बात रखने और न्याय पाने में असुविधा न हो।
आगंतुक कक्ष के उद्घाटन के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और परिसर को हरा-भरा बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय, क्षेत्राधिकारी कार्यालय सत्येंद्र कुमार राय, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
