यातायात नियम तोड़ने पर 89 वाहनों का चालान, दो सीज

0Shares

बिना हेलमेट, तीन सवारी और तेज रफ्तार पर कार्रवाई

देवरिया। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बुधवार को यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 89 वाहनों का चालान किया गया, जबकि दो वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस की कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में खलबली मची रही।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान बस स्टैंड, कचहरी चौराहा और कसया ढाला पर सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी बैठाने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों का चालान किया गया।
वहीं, भटवलिया चौराहे पर सघन चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और तीन सवारी बैठाकर चलने वालों पर कार्रवाई की गई। बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने तथा वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के अभाव में संचालित ऑटो और ई-रिक्शा को भी निशाने पर लिया गया। इसके अलावा गोरखपुर रोड पर इंटरसेप्टर वाहन की मदद से निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच कर तेज रफ्तार चालकों का चालान किया गया।
विद्यार्थियों को भी किया जागरूक
कार्रवाई के साथ यातायात पुलिस ने यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित आवागमन और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए।
पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया पर तीन सवारी न बैठाने और सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित नहीं करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *