बनकटा (देवरिया)। बिहार ले जाने के लिए टेंपो के नीचे बने गुप्त बाक्स में छिपाकर रखी गई 360 पाउच देशी शराब बरामद कर बनकटा पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 72 लीटर है। पुलिस ने टेंपो को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को थाना बनकटा पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इंगुरी सराय स्थित रेलवे अंडरपास के पास एक टेंपो में छिपाकर देशी शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने टेंपो संख्या BR 28P 2934 की जांच की। तलाशी के दौरान टेंपो के नीचे बने बाक्स में छिपाकर रखी गई बंटी-बबली ब्रांड की 360 पाउच देशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी।
पुलिस ने टेंपो चालक मुन्ना हवारी (36) पुत्र चांद मोहम्मद हवारी, निवासी ग्राम छाप, थाना मीरगंज, जिला गोपालगंज, बिहार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थाना बनकटा में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 254/2026 दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार और कांस्टेबल अखंड प्रताप सिंह शामिल रहे।
