भूमिहीन और निर्धन होने का हवाला देकर आवास, पेंशन व राशन कार्ड दिलाने की मांग
रवीश पाण्डेय
सलेमपुर (देवरिया) I मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक प्रार्थना पत्र के माध्यम से सलेमपुर क्षेत्र के एक निर्धन व्यक्ति शिव सागर जायसवाल ने सरकारी सुविधाओं से वंचित होने की शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
शिव सागर जायसवाल निवासी इचौना पूर्वी वार्ड नंबर छः मालगोदाम सलेमपुर निवासी ने प्रार्थना पत्र में स्वयं को भूमिहीन और निर्धन बताते हुए कहा है कि वह लंबे समय से सरकारी सुविधाओं से वंचित है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसे जीवनयापन करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिवसागर जयसवाल ने अपने पत्र में आवास, वृद्धावस्था पेंशन और राशन कार्ड सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है। उसका कहना है कि संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखने के बावजूद उसे अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी है।
प्रार्थी ने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा पात्रता के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।
अब देखना यह है कि शासन-प्रशासन की ओर से इस प्रार्थना पत्र पर क्या कार्रवाई की जाती है और जरूरतमंद व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ कब तक मिल पाता है।
