देवरिया। दीपावली पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और गुणवत्ता की जांच के लिए जिले में बड़ी कार्रवाई की। अंतर्जनपदीय खाद्य सचल दल के सहयोग से अलग-अलग टीमों ने प्रमुख मिठाई दुकानों और लड्डू कारखाने पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान संदेह के आधार पर मिठाइयों समेत खाद्य पदार्थों के 10 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने स्वीट संसार, शिवशक्ति स्वीट्स, कनक स्वीट्स (सिविल लाइंस और गोरखपुर ओवरब्रिज), तिरुपति बालाजी स्वीट्स, पूजा स्वीट्स, स्टार बेकर्स, सलेमपुर के गोकुल स्वीट्स, स्टेशन रोड स्थित बीकानेर स्वीट्स और संजय यादव के लड्डू कारखाने की जांच की।
निरीक्षण के दौरान मिठाई बनाने की जगहों पर साफ-सफाई, कच्चे माल की गुणवत्ता, खाद्य पदार्थों के भंडारण, उपकरणों की स्वच्छता और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े अभिलेखों की पड़ताल की गई। इसके साथ ही खोया, दूध, खाद्य रंग, चांदी के वर्क, खाद्य लाइसेंस और मिठाइयों पर उपयोग की अंतिम तिथि की भी जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान बूंदी के लड्डू, खोया मिठाई, छेना मिठाई, कराची हलवा, बेसन और बेसन के लड्डू के कुल 10 नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा गया है। निरीक्षण में मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर मिठाइयों की गुणवत्ता पर विभाग की लगातार नजर रहेगी। जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों में अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
