नशामुक्त विकसित भारत की थीम पर युवा उत्सव पांच नवंबर को

0Shares

सीडीओ ने तैयारियों को लेकर दिए निर्देश

देवरिया । युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से पांच नवंबर को संत विनोबा पीजी कॉलेज, देवरिया के सभागार में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के कल्चरल ट्रैक के तहत आयोजित होने वाले इस उत्सव की थीम ‘नशामुक्त विकसित भारत’ रखी गई है। इसमें जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
युवा उत्सव की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने गुरुवार को अपने कार्यकक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने, अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रतियोगिताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
पांच विधाओं में दिखाएंगे प्रतिभा
युवा उत्सव में लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक (समूह), पेंटिंग और कविता लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। समूह विधाओं में एक समूह में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। जिले के निवासी या यहां अध्ययनरत निर्धारित आयु वर्ग के युवा इसमें हिस्सा ले सकते हैं। विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों के साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवा कलाकारों को भी प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य
प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए प्रत्येक प्रतिभागी का माई भारत पोर्टल (MY Bharat Portal) पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। प्रतिभागियों का नाम हाईस्कूल प्रमाणपत्र अथवा बैंक विवरण में दर्ज नाम के अनुसार मान्य होगा। इच्छुक युवा निर्धारित पात्रता के अनुसार पंजीकरण कराकर प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *