सुरौली (देवरिया)। साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरौली पुलिस ने एक पीड़ित के खाते में 2.10 लाख रुपये वापस करा दिए। पूरी धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस के प्रति आभार जताया।
सुरौली थाना क्षेत्र के पैकौली महाराज निवासी शरवेंद्र शेखर शाही साइबर ठगी के शिकार हो गए थे। उन्होंने 24 अक्टूबर 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए सुरौली थाने की साइबर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और ठगी की रकम को होल्ड करा दिया। इसके बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर 2,10,000 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जिले में साइबर अपराध के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में सुरौली के थानाध्यक्ष अविनाश मौर्य, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, कांस्टेबल इमरान अंसारी और महिला कांस्टेबल शालिनी मिश्रा की भूमिका रही।
साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत
देवरिया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय से शिकायत करने पर ठगी की रकम को होल्ड कराने और वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।
