आकांक्षात्मक ब्लॉकों में सुधार की रफ्तार बढ़ाएं अधिकारी : डीएम

0Shares

पांच विकासखंडों की समीक्षा

देवरिया । आकांक्षात्मक विकासखंडों में विकास कार्यों की प्रगति तेज करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने गौरीबाजार, लार, बरहज, बनकटा और भागलपुर विकासखंडों में प्राथमिकता वाले संकेतकों में सुधार लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, पशुपालन, स्वयं सहायता समूह, कौशल विकास, रोजगार, वित्तीय समावेशन और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सके। विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, आंगनबाड़ी केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अपने विभागीय कार्यक्रमों, निर्धारित लक्ष्यों और योजनाओं की प्रगति की अद्यतन जानकारी रखने को कहा।
बैठक के बाद लिखित परीक्षा लेकर परखी जानकारी
समीक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों की लिखित परीक्षा लेकर योजनाओं और विभागीय कार्यों के संबंध में उनकी जानकारी का आकलन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि आकांक्षात्मक विकासखंडों में सभी निर्धारित संकेतकों पर अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जाए और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *