ड्रोन से निगरानी संवेदनशील स्थलों पर बढ़ाई सतर्कता

0Shares

तरकुलवा( देवरिया)। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए देवरिया पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। गुरुवार को थाना तरकुलवा क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से निगरानी कर संवेदनशील स्थलों, प्रमुख मार्गों और जुलूस के रास्तों का जायजा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जनपदीय ड्रोन पुलिस टीम ने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख मार्गों का हवाई सर्वेक्षण किया। ड्रोन से प्राप्त तस्वीरों के आधार पर संभावित संवेदनशील बिंदुओं को चिह्नित कर संबंधित थाना पुलिस को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्थानीय कर्मियों को लगातार गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और जुलूस मार्गों पर आवागमन सुचारु बनाए रखने को कहा है। इसके साथ ही पैदल गश्त, पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन और सोशल मीडिया की निगरानी भी की जा रही है।
देवरिया पुलिस ने लोगों से त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *