जनपद न्यायाधीश, डीएम, एसपी और सीडीओ ने बाल गृह का किया निरीक्षण

0Shares

बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और भोजन की व्यवस्था परखी

देवरिया । जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर और मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने गुरुवार को राजकीय बाल गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों की देखभाल, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों के रहने के कमरे, बिस्तर, पेयजल, शौचालय, स्नानघर और परिसर की साफ-सफाई देखी। रसोईघर में भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री के रखरखाव और बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की भी जानकारी ली। इसके साथ ही बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, दवाओं और उपचार संबंधी सुविधाओं की पड़ताल की।
अधिकारियों ने बच्चों की पढ़ाई, खेलकूद और मनोरंजन की व्यवस्था का जायजा लेने के साथ उनसे बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों के बारे में जानकारी प्राप्त की। बाल गृह में सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की जिम्मेदारियों और अभिलेखों के रखरखाव की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बच्चों के साथ संवेदनशीलता और आत्मीयता से व्यवहार करने पर जोर देते हुए कहा कि उनके संरक्षण, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जाए। बाल गृह में बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि उन्हें बेहतर देखभाल के साथ शिक्षा और विकास के पर्याप्त अवसर मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *