उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

0Shares

उद्योग बंधु की बैठक में डीएम ने दिए सख्त निर्देश

देवरिया । कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु एवं आईजीआरएस की बैठक हुई। इसमें औद्योगिक विकास की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जाए। उद्योगों की स्थापना और संचालन में उद्यमियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। भूमि, विद्युत कनेक्शन, एनओसी और अन्य जरूरी अनुमतियों से संबंधित लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
आईजीआरएस शिकायतों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। निस्तारण आख्या में की गई कार्रवाई का स्पष्ट और तथ्यात्मक विवरण दर्ज हो। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में उद्यमियों के पदाधिकारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, उद्योग बंधु के पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *