देवरिया। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर देवरिया पुलिस की ओर से शुक्रवार को जिलेभर में मिशन शक्ति फेज-6.0 एवं शक्ति दीदी अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया।
इस दौरान गौरीबाजार पुलिस ने रामपुर चौराहे, मदनपुर पुलिस ने हिरनही गांव तथा बरहज पुलिस ने बीआरडी महाविद्यालय में छात्राओं और महिलाओं को पंपलेट वितरित किए। पुलिस टीमों ने महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
महिलाओं को किसी भी आपात स्थिति में डायल-112, वूमेन पावर लाइन-1090, महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, साइबर हेल्पलाइन-1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 पर शिकायत दर्ज कराने के बारे में बताया गया। साथ ही स्वास्थ्य सेवा के लिए 102 और एंबुलेंस सेवा के लिए 108 नंबर की जानकारी भी दी गई।
पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी तरह की परेशानी होने पर बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
