मिहींपुरवा/ बहराइच। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा के पर्यवेक्षण में सुजौली थाने में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। थानाध्यक्ष राम गोविंद वर्मा द्वारा थाना परिसर में भारत सरकार के मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शासन के निर्देश पर पूरे प्रदेश के साथ-साथ बहराइच जनपद के सभी थानों में एकता दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। थानाध्यक्ष राम गोविंद वर्मा ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशन पर थाने में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से गुजरात के केवड़िया में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस लाइव प्रसारण में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के उद्बोधन को सभी पुलिसकर्मियों ने ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष राम गोविंद वर्मा ने उपस्थित समस्त पुलिस बल, होमगार्ड, पीआरडी जवानों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। शपथ में कहा गया – “मैं सत्य निष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। थानाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एकीकृत कर अखंड भारत का निर्माण किया था। आज का दिन हमें उनके त्याग और बलिदान को याद दिलाता है। पुलिस का दायित्व है कि वह समाज में एकता, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखे। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और एकता को बनाए रखें। इस अवसर पर थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक, सभी हल्का इंचार्ज, कांस्टेबल, महिला आरक्षी सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में थाना परिसर में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान थाना परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
