आजमगढ़। कूबा पीजी कॉलेज, दरियापुर, नेवादा आजमगढ़ में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार द्वारा ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया, जिसमें प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशेष रूप से राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने इस दौड़ में अपनी ऊर्जावान भागीदारी दर्ज कराई।
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अभिमन्यु यादव द्वारा सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा, “देश को एकीकृत करने का ऐतिहासिक एवं महान कार्य हमारे सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने किया था। उनकी जयंती को हम राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हैं। ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन कर हम प्रतीकात्मक रूप से प्रत्येक नागरिक के अंदर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का भाव पैदा करते हैं।”
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शैलेंद्र प्रताप रघुवंशी, डॉ. राणा प्रताप सिंह, रितेश वर्मा, पंकज सिंह, डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. शशिभूषण तिवारी यशपाल सिंह सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
