देवरिया । लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में एसपी ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर सभी को राष्ट्रसेवा, सामाजिक सद्भाव और देश की आंतरिक सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहना चाहिए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी लाइन गौरव सिंह सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसी क्रम में जिले के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई गई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
