देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वन एवं पर्यावरण समिति की बैठक हुई। इसमें जिले में कराए गए वृक्षारोपण, पौधों के संरक्षण और जल स्रोतों की स्वच्छता की समीक्षा की गई। कार्यों में लापरवाही मिलने पर डीएम ने जल निगम (अर्बन) के अधिशासी अभियंता तथा बैठक से अनुपस्थित रहने पर गौरा बरहज के अधिशासी अधिकारी का एक-एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएम ने विभिन्न विभागों की ओर से कराए गए पौधरोपण और स्थलों की जियो-टैगिंग की प्रगति जांची। उन्होंने अधूरे कार्यों को तत्काल पूरा कराने का निर्देश देते हुए कहा कि जियो-टैगिंग से पौधरोपण स्थलों का सत्यापन और निगरानी आसान होगी।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल भी जरूरी है। संबंधित विभाग पौधों की सिंचाई, सुरक्षा और संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि उनकी उत्तरजीविता बनी रहे। डीएम ने अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने की हिदायत दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
