सड़क दुर्घटना में खाताधारक की मौत के बाद पत्नी को पीएनबी ने सौंपा चेक
भटनी, देवरिया। छोटी सी बचत विपरीत परिस्थितियों में परिवार के लिए बड़ा सहारा बन सकती है। इसका उदाहरण पंजाब नेशनल बैंक की भटनी शाखा में देखने को मिला। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत सड़क दुर्घटना में दिवंगत खाताधारक रघु कुशवाहा की पत्नी सरोज देवी को बैंक की ओर से दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि का चेक सौंपा गया।
भटनी के हटवा वार्ड संख्या पांच, तिवारी टोला निवासी रघु कुशवाहा की 10 जुलाई 2026 को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जुड़े थे और इसके लिए मात्र 20 रुपये सालाना प्रीमियम जमा करते थे। उनके निधन के बाद बैंक ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर बीमा दावा स्वीकृत कराया।
मंगलवार को वरिष्ठ शाखा प्रबंधक कुमार शशि भूषण ने नामिनी सरोज देवी को दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया। इस दौरान शाखा प्रबंधक ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आम लोगों को बेहद कम प्रीमियम पर दुर्घटना बीमा का लाभ देती है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से जुड़ने की अपील की।
इस मौके पर प्रबंधक जयंत कुमार, उप प्रबंधक आकाश जायसवाल, रामप्रसाद, तुंगनाथ यादव, सभासद प्रतिनिधि लाल बिहारी प्रजापति सहित बैंक के कर्मचारी, बैंक मित्र और बड़ी संख्या में ग्राहक मौजूद रहे।
