17 सूत्रीय विकास कार्यों की प्रस्तावित सूची जारी कर जनता के सामने रखा अपना विजन।
सलेमपुर (देवरिया)। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सलेमपुर की राजनीति में अभी से हलचल तेज होने लगी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव प्रमोद गौतम ने 341 सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र सलेमपुर के विकास को लेकर अपना 17 सूत्रीय प्रस्तावित विकास विजन जारी किया है।
प्रमोद गौतम ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा है कि यदि समाजवादी पार्टी उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाती है और जनता का आशीर्वाद मिलता है, तो चुनाव जीतने के बाद पांच वर्षों के भीतर क्षेत्र के विकास के लिए सूचीबद्ध कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास करेंगे।
उनके प्रस्तावित विकास एजेंडे में सलेमपुर को नगर पालिका बनाने, क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और यातायात की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
प्रस्तावित योजनाओं में सलेमपुर और आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए नगर पालिका का गठन, न्यायालय संबंधी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सिंचाई विभाग की नहरों एवं सड़क किनारे की व्यवस्थाओं का सुधार तथा बिजली विभाग के बंद पड़े ट्रांसफार्मरों को दोबारा चालू कराने की बात कही गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सलेमपुर सरकारी अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, 100 बेड का मुख्य वार्ड और 50 बेड का महिला वार्ड बनवाने तथा पुराने जर्जर अस्पताल के स्थान पर नए आधुनिक अस्पताल के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है।
सड़क एवं यातायात व्यवस्था के अंतर्गत नदवार से प्यासी तक तथा मोहर भाई चौक से नदवार घाट तक दो लेन सड़क, डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की बात कही गई है। नदवार घाट से मझौलीराज को जोड़ने के लिए गंडक नदी पर पुल निर्माण तथा नदवार पुल के आसपास विकास कार्य कराने का भी प्रस्ताव है।
शिक्षा के क्षेत्र में लार और पिंडी में आवासीय राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, सलेमपुर अथवा लार में इंजीनियरिंग कॉलेज, विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम और खेल मैदान तथा क्षेत्र में एक विश्वविद्यालय की स्थापना कराने का संकल्प व्यक्त किया गया है।
इसके अलावा सलेमपुर और लार में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए रिंग रोड निर्माण, प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने, स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा पटनेजी बांध से परासी चकलाल होते हुए रतनपुरा गड़वा से मेहरौना तक पिच संपर्क मार्ग बनवाने की योजना भी शामिल है।
प्रमोद गौतम ने अपने इस 17 सूत्रीय विकास प्रस्ताव के माध्यम से सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को सामने रखते हुए विकास का खाका प्रस्तुत किया है। अब देखना होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनका यह विकास एजेंडा क्षेत्र की राजनीति में कितनी चर्चा बटोरता है।
