डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश
देवरिया। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें अधिकारियों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की गई।
डीएम ने कहा कि सभी त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हैं। सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर पर्व मनाएं। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
पटाखों की दुकानों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि दुकानें सड़क से दूर निर्धारित स्थानों पर ही लगाई जाएं। अग्निशमन सुरक्षा के मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए। वहीं, जिला पंचायत राज अधिकारी और निकायों के अधिशासी अधिकारियों को छठ घाटों पर साफ-सफाई और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।
एसपी ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस पूरी सतर्कता बरतेगी। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने से बचें। कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि या समस्या दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
इस दौरान डीएम ने जनपदवासियों को सभी पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज प्रकाश राठौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।
